ब्यूरो रिपोर्ट, मुकेश जैन
रुड़की। रामनगर में लेबर चौक के समीप रविवार को आकाश पावर सॉल्यूशन कार्यालय पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई, जबकि कई युवाओं ने रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया।
रविवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए इस शिविर में डॉ. अमित कुमार और उनकी टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर में रक्त की विभिन्न प्रकार की जांच भी की गई, जिससे लोगों को अपने स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी मिल सकी। स्वास्थ्य जांच के लिए क्षेत्र के कई लोग शिविर में पहुंचे और चिकित्सकों से परामर्श लिया।

रक्तदान शिविर में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान सोनू कुमार, गौरव सिंह, अंकित, अनुराग, अर्पित त्यागी, कुलदीप कुमार, संजीव कुमार और कुणाल सहित कई युवाओं ने रक्तदान किया।
शिविर के संयोजक एवं समाजसेवी अंकुश राज ने बताया कि यह उनकी ओर से आयोजित पांचवां निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से बड़ा कोई धन नहीं होता, इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।

डॉ. अमित कुमार ने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा रक्तदान करने से स्वास्थ्य पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता। वहीं भारत अरोड़ा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है।
इस मौके पर दीपक मिश्रा, नितिन कश्यप, योगराज, वंश त्यागी, लाइबा नूर, संजू और रक्षित गुर्जर सहित कई लोग मौजूद रहे।

