रुड़की, (जनमंच संवाददाता)। नगर निगम रुड़की ने मंगलवार को निगम स्वामित्व की एक दुकान को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई अवैध कब्जे की शिकायत के बाद की गई। संबंधित दुकान नगर निगम द्वारा पूर्व में एक व्यक्ति को लीज पर आवंटित की गई थी। लीजधारी की मृत्यु के बाद दुकान पर उसकी पत्नी का कब्जा बताया गया, लेकिन बाद में कुछ लोगों द्वारा दुकान पर अवैध रूप से कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई। शिकायतकर्ता सुमित्रा देवी ने मामले को लेकर नगर निगम से लिखित शिकायत की थी, जिसके बाद निगम प्रशासन हरकत में आया।
नगर आयुक्त राकेश चंद तिवारी ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में दस्तावेजों की स्थिति स्पष्ट नहीं होने और कब्जे को लेकर विवाद पाए जाने पर मंगलवार को निगम की टीम मौके पर पहुंची। नगर आयुक्त के निर्देश पर वरिष्ठ कर निर्धारण एवं राजस्व अधिकारी एसपी गुप्ता के नेतृत्व में निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने दुकान से संबंधित लीज, स्वामित्व और कब्जे के दस्तावेजों की भी पड़ताल की। निगम अधिकारियों का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और मामले का विधिवत निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक दुकान नगर निगम के कब्जे में ही रहेगी। किसी भी पक्ष को दुकान का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वरिष्ठ कर निर्धारण एवं राजस्व अधिकारी एसपी गुप्ता ने बताया कि निगम संपत्ति पर अवैध कब्जे को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

